शिवपुर फुलवारीपारा
आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का विराट संगम एक बार फिर गहिला नाला में देखने को मिलेगा। ग्राम पंचायत शिवपुर फुलवारीपारा स्थित श्री राम जानकी भयहरण हनुमान मंदिर प्रांगण में 19 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण व्याप्त है।धर्मप्रेमी ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ 19 फरवरी को भव्य कलश यात्रा, वेदी पूजन और मंगलाचार के साथ होगा। प्रतिदिन कथा, भजन-कीर्तन, संकीर्तन एवं विविध धार्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।सप्ताह के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन लीला, समुद्र मंथन, पार्वती जन्म, तुलसी महिमा, परीक्षित मोक्ष जैसे दिव्य प्रसंगों का संगीतमय और मार्मिक व्याख्यान किया जाएगा।


अंतिम दिवस 28 फरवरी को पूर्णाहुति, हवन, महाआरती, आशीर्वचन एवं विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।इस पुण्य आयोजन के मुख्य यजमान श्री हरिराम यादव एवं श्रीमती दुर्गन बाई हैं। कथा व्यास के रूप में महंत श्री दयाराम त्यागी जी एवं योगेश दास त्यागी जी भक्तों को श्रीमद्भागवत का अमृतपान कराएंगे। उनके मुखारविंद से निकलने वाली कथा निश्चित ही श्रद्धालुओं के जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगी।आयोजन समिति एवं समस्त पंचायत शिवपुर फुलवारीपारा ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित उपस्थित होकर कथा श्रवण करें, पुण्य लाभ अर्जित करें और गांव की इस धार्मिक परंपरा को और अधिक सशक्त बनाएं।
गहिला नाला की पावन धरा पर आयोजित यह सप्ताह ज्ञान यज्ञ निश्चित ही धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करेगा। पूरे गांव में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं और भक्तों को इस दिव्य आयोजन की बेसब्री से प्रतीक्षा है।