रतनपुर
बेलतरा क्षेत्र में बिजली विभाग ने बकाया बिल और अवैध विद्युत उपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए विशेष जांच अभियान चलाया। विभाग की 30 सदस्यीय चार टीमों ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए कुल 57 उपभोक्ताओं की जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि इन उपभोक्ताओं पर कुल 10 लाख 21 हजार 989 रुपये की बकाया राशि लंबित थी। कार्रवाई करते हुए विभाग ने 17 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिए, वहीं मौके पर ही 66 हजार 679 रुपये की वसूली भी की गई।


अभियान के दौरान कुछ उपभोक्ता ऐसे भी पाए गए जिन्होंने काटे गए कनेक्शन को दोबारा जोड़कर और मीटर बायपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे ऐसे 16 उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई सहायक यंत्री सीपत कौशल कुमार जायसवाल, कनिष्ठ यंत्री सीपत रंजना देवांगन, कनिष्ठ यंत्री बेलतरा चंदराम साहू सहित विभाग के अन्य कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
बिजली विभाग ने चेतावनी दी है कि बकाया बिल और बिजली चोरी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।