अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर
क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए रतनपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 7 लीटर कच्ची महुआ शराब और 80 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की है। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में नवपदस्थ थाना प्रभारी प्रशिक्षु अंशिका जैन के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस की दो टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पहली कार्रवाई ग्राम बेलतरा के बजरंग चौक में की गई, जहां धर्मेन्द्र कश्यप के घर के बाड़ी से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब और 200 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई।वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम लखराम में की गई, जहां अनिल केंवट के कब्जे से मोटरसाइकिल में परिवहन कर ले जाई जा रही 80 पाव देशी प्लेन शराब तथा एक हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।इसके अलावा थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में क्षेत्र में अभियान चलाकर 5 लोगों के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने तथा 15 लोगों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने पर भी कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन, निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक पवन सिंह, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली तथा आरक्षक मनीष जायसवाल, संजय यादव, धनराज कुम्भकार, देवानंद चन्द्राकर और पवन ठाकुर का विशेष योगदान रहा।
