Explore

Search

March 18, 2026 11:08 pm

RECENT POSTS

रतनपुर में “गौ सम्मान आह्वान अभियान” की शुरुआत, 27 अप्रैल को मनाया जाएगा गौ सम्मान दिवस

Picture of Ravi Thakur

Ravi Thakur

अमित दुबे की रिपोर्ट

रतनपुर — क्षेत्र में गौ संरक्षण और गौ माता के सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत जागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी गई है। अभियान के अंतर्गत नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पंपलेट वितरित कर 27 अप्रैल 2026 को मनाए जाने वाले गौ सम्मान दिवस की जानकारी दी जा रही है। साथ ही लोगों को गौ सेवा, संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।


अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा नगर के विभिन्न मोहल्लों, बाजारों और धार्मिक स्थलों में पहुंचकर लोगों को गौ माता के महत्व के बारे में बताया जा रहा है। इस दौरान उन्हें यह भी बताया जा रहा है कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है और उनका संरक्षण समाज की जिम्मेदारी है।
लवकुश कश्यप ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और परंपरा की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में गौ संरक्षण को लेकर समाज के हर वर्ग को आगे आने की जरूरत है। “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के माध्यम से लोगों को गौ माता के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि समाज में गौ सेवा और संरक्षण की भावना मजबूत हो सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 27 अप्रैल को मनाए जाने वाले गौ सम्मान दिवस में बढ़-चढ़कर भाग लें।
श्री महंत दिव्याकांत शर्मा ने कहा कि गौ माता का स्थान सनातन धर्म में अत्यंत पूजनीय माना गया है। उन्होंने कहा कि गौ माता केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं हैं, बल्कि कृषि, स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए भी अत्यंत उपयोगी हैं। गौ माता से प्राप्त दूध, गोबर और गोमूत्र का उपयोग अनेक क्षेत्रों में किया जाता है। ऐसे में समाज का प्रत्येक व्यक्ति गौ माता के संरक्षण और सेवा के लिए संकल्पित हो, यही इस अभियान का उद्देश्य है।


वहीं गिरिजा वन के मुख्य पुजारी ताराचंद दुबे ने कहा कि गौ सेवा करना एक महान पुण्य का कार्य माना गया है। उन्होंने कहा कि गौ माता के संरक्षण से ही हमारी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा संभव है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग गौ सेवा के लिए आगे आएं और 27 अप्रैल को गौ सम्मान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
अभियान से जुड़े लोगों ने बताया कि आगामी दिनों में नगर और आसपास के क्षेत्रों में और भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत लोगों को गौ संरक्षण के प्रति प्रेरित करने के साथ ही गौशालाओं में सेवा कार्य, जागरूकता रैली और गौ पूजन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की योजना है।
अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि गौ माता का संरक्षण केवल धार्मिक भावना नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है। इसलिए सभी लोगों को इस अभियान से जुड़कर गौ संरक्षण और गौ सेवा के कार्य में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

Letest posts

Latest