Explore

Search

March 19, 2026 12:37 am

RECENT POSTS

केराझरिया से उठा संगठन की मजबूती का संदेश ,पाली ब्लाक में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन ने भरी नई जान

Picture of Ravi Thakur

Ravi Thakur

पाली

ग्राम पंचायत केराझरिया में आयोजित एकदिवसीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन पाली ब्लाक की राजनीतिक गतिविधियों में एक नया अध्याय जोड़ गया। नवनिर्वाचित ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा के नेतृत्व में हुए इस सम्मेलन ने यह स्पष्ट कर दिया कि पाली ब्लाक में कांग्रेस संगठन फिर से जमीनी स्तर पर सक्रिय और संगठित हो रहा है।


सम्मेलन में पाली ब्लाक के दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से पहुँचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की विशाल उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। सैकड़ों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं का जोश, अनुशासन और एकजुटता पूरे कार्यक्रम के दौरान चर्चा का केंद्र बना रहा।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव श्री प्रशांत मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाया गया कांग्रेस संगठन सृजन अभियान केवल पद वितरण नहीं, बल्कि जमीनी कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में लाने की एक सशक्त पहल है। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत मंडल, ब्लाक एवं जिला स्तर पर कर्मठ और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।


उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले पंद्रह दिनों के भीतर सभी स्तरों पर कार्यकारिणी का विस्तार कर संगठन को चुनावी दृष्टि से और मजबूत किया जाएगा।
ब्लाक अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और मार्गदर्शन में कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें।


सम्मेलन को पूर्व विधायक मोहित राम केरकेट्टा, श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व सदस्य नवीन सिंह ठाकुर, विधायक प्रत्याशी श्रीमती दुलेश्वरी सिदार एवं पूर्व ब्लाक अध्यक्ष यशवंत लाल ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठनात्मक एकता, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क को कांग्रेस की ताकत बताया।
कार्यक्रम के दौरान सभी नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का श्रीफल एवं साल भेंट कर सम्मान किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व जनपद सदस्य मिर्जा कय्यूम बेग एवं दिलेश्वर आदिले ने किया।
इस सम्मेलन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल सहित कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में ब्लाक अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा ने सम्मेलन में शामिल सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Letest posts

Latest