
रतनपुर, बिलासपुर
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रतनपुर पुलिस ने थाना परिसर में ‘यातायात पाठशाला’ का आयोजन किया। इस दौरान थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने ऑटो एवं बस चालकों के साथ-साथ आम नागरिकों को सुरक्षित वाहन संचालन के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।


थाना प्रभारी ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवर स्पीड, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने से बचने की सलाह दी। साथ ही ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग और सड़क पार करने के नियमों का पालन करने पर जोर दिया।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन न चलाने दें, क्योंकि नाबालिग के वाहन चलाने पर उसके अभिभावकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।



थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने बताया कि रतनपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भविष्य में भी स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से यातायात पाठशाला आयोजित की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि “सड़क पर थोड़ी-सी सावधानी आपके और आपके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है। नियमों का पालन करें और सुरक्षित सफर करें।”